कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ से मिलेंगे राहुल गांधी, जिम की सदस्यता लेने की भी चर्चा
Latest शिक्षा

कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ से मिलेंगे राहुल गांधी, जिम की सदस्यता लेने की भी चर्चा

कोटद्वार/देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। अपने कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस की ओर से इस दौरे की पुष्टि की गई है।

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक रखा गया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी कोटद्वार में करीब एक घंटे तक दीपक कुमार के साथ समय बिताएंगे और उनके जिम का भी दौरा करेंगे।

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी दीपक कुमार के जिम की सदस्यता भी ले सकते हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसको लेकर चर्चा तेज है।

गौरतलब है कि दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ इस वर्ष जनवरी में एक घटना के बाद राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। इसके बाद उनकी कहानी और संघर्ष को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं होती रही हैं।

बीते दिनों ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि आर्थिक परेशानियों के चलते दीपक कुमार अपना जिम बंद करने की स्थिति में पहुंच गए हैं। ऐसे समय में राहुल गांधी का उनसे मिलने का कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है।

राहुल गांधी के इस दौरे को सामाजिक संवाद और व्यक्तिगत समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। कोटद्वार में प्रस्तावित इस मुलाकात को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है।

हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह दौरा किसी राजनीतिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं है, बल्कि एक व्यक्तिगत मुलाकात और संवाद का अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *