राहुल गांधी के पौड़ी दौरे की तैयारियां तेज, कुमारी शैलजा ने ली कांग्रेस नेताओं की बैठक
Latest राज्य

राहुल गांधी के पौड़ी दौरे की तैयारियां तेज, कुमारी शैलजा ने ली कांग्रेस नेताओं की बैठक

पौड़ी, 1 जून 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे तथा पौड़ी में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और संगठनात्मक समन्वय की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) राम रतन नेगी, जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, राजपाल बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रुचि कैन्तुरा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा प्रदेश के पूर्व सैनिकों, युवाओं और आमजन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का अवसर है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और पूर्व सैनिकों एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से राष्ट्रीय मंच पर उठाने में सहायक सिद्ध होगा।

बैठक का समापन कार्यक्रम की सफलता के लिए सामूहिक संकल्प और संगठनात्मक एकजुटता के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *