रामगढ़ में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर: 358 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
Latest देहरादून न्यूज

रामगढ़ में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर: 358 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

रामगढ़ (नैनीताल): सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के तहत विकासखंड रामगढ़ के रामलीला मैदान, गोमतीगैर सूपी में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।

शिविर में 358 लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं, कुल 27 शिकायतें और समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग ने भी लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की जानकारी दी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता और जनहित के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है तथा अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल, विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *