September 12, 2026
ऋषिकेश में गंगा में डूबे युवक का शव SDRF ने बरामद किया, पशुलोक बैराज में मिला शव
Latest राज्य

ऋषिकेश में गंगा में डूबे युवक का शव SDRF ने बरामद किया, पशुलोक बैराज में मिला शव

ऋषिकेश। SDRF उत्तराखंड पुलिस ने त्रिवेणी घाट स्थित नाव घाट क्षेत्र में पूर्व में गंगा नदी में डूबे देहरादून निवासी युवक का शव बरामद कर लिया है।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार SDRF टीम द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था। टीम ने घटनास्थल से लेकर पशुलोक बैराज तक गंगा नदी में व्यापक और गहन सर्चिंग अभियान संचालित किया।

सर्च अभियान के दौरान SDRF टीम को पशुलोक बैराज क्षेत्र में एक युवक का शव मिला। टीम ने शव को बैराज से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

गौरतलब है कि 24 मई 2026 को त्रिवेणी घाट स्थित नाव घाट पर देहरादून से आए चार मित्र गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आयुष थापा (17 वर्ष), निवासी कनॉट प्लेस, देहरादून अपना चश्मा पकड़ने के लिए आगे बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से नदी में डूब गया था। आज SDRF टीम द्वारा उसका शव पशुलोक बैराज क्षेत्र से बरामद किया गया, जिसकी पहचान परिजनों द्वारा कर ली गई है।

SDRF टीम द्वारा अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने आमजन से अपील की है कि गंगा नदी एवं अन्य जल स्रोतों के समीप अत्यधिक सावधानी बरतें तथा केवल सुरक्षित और निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करें। उन्होंने कहा कि तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए, क्योंकि छोटी सी असावधानी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *