उत्तराखंड भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिया बूथ सशक्तिकरण का मंत्र
Latest राजनीति राज्य

उत्तराखंड भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिया बूथ सशक्तिकरण का मंत्र

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और प्रदेश नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठकों के दौरान बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर मंथन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों को विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास कर जमीनी स्तर से फीडबैक जुटाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा देवतुल्य जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक रचने जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर पार्टी आगामी चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत बूथ संरचना, सक्रिय कार्यकर्ता नेटवर्क और जनता के बीच निरंतर संवाद पार्टी की चुनावी सफलता की आधारशिला साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *