ऋषिकेश मुठभेड़: पुलिस की जवाबी फायरिंग में 2 बदमाश घायल, गिरफ्तार | ऑपरेशन प्रहार
Latest अपराध

ऋषिकेश मुठभेड़: पुलिस की जवाबी फायरिंग में 2 बदमाश घायल, गिरफ्तार | ऑपरेशन प्रहार

ऋषिकेश, देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस के रुकने के संकेत को नजरअंदाज करते हुए उन्होंने बैरियर को टक्कर मारी और श्यामपुर की ओर फरार होने लगे।

पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाश कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में वांछित थे। आरोपियों ने उस घटना में दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल किया था।

घायल बदमाशों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली।

दून पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *