सल्ट (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट के तल्ला मानिला में आयोजित दो दिवसीय मानिला महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकगीतों और आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और कला की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक के पुत्र प्रतीक जीना ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने मानिला महोत्सव को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने वाला यादगार आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि आयोजक मंडल सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहा है। साथ ही स्थानीय हस्तशिल्पियों और उनके उत्पादों को मंच प्रदान करने की पहल की भी प्रशंसा की।
महोत्सव में लोक संस्कृति और लोक संगीत की विशेष धूम रही। प्रसिद्ध लोकगायक राकेश खनवाल ने अपने लोकप्रिय गीत “क्रीम पाउडरा घिसनी किले ने, मेरी निर्मला हसनी किले नै” तथा “देवी भगवती मैया तू देनी है जा ये, त्यरा दरबारा आयु सफल हये” प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं कौशल पांडे द्वारा प्रस्तुत “जय मैया दुर्गा भवानी, जय मैया” और सोनू मनराल के गीत “सब डानी में मानिला की डानी, के भली लागी रेछा मानिला की डानी” को भी श्रोताओं ने खूब सराहा।
इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सांस्कृतिक एवं धार्मिक झांकियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। महोत्सव परिसर में लगे स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प से जुड़े स्टालों पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम का संचालन नीरज बवाड़ी ने किया। मानवसेतु फाउंडेशन एवं आयोजक मंडल के अध्यक्ष नरेश बोरा ने सफल आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।
इस अवसर पर संजय सत्यवली, शिवम नैलवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंगल सिंह, भाजपा वरिष्ठ नेता हरीश खंतवाल, उपाध्यक्ष हेमा मेहता, संरक्षक प्रहलाद बोरा, भूपेंद्र सिंह रावत, त्रिलोक सिंह भंडारी, चंदन सिंह डंगवाल, प्रदीप रावत, नंदन सिंह रावत, पत्रकार कैलाश तिवारी, महिपाल बिष्ट, गौरव सिंह, सोनू तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट : गोविन्द रावत, सल्ट)
