देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस के खिलाफ अभियान तेज करते हुए काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। STF और काशीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना के आधार पर STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी कर वाहन को कब्जे में लिया।
तलाशी के दौरान एक पंप एक्शन बंदूक, एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल, दो मैगजीन, एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 237 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा फर्जी शस्त्र लाइसेंस भी बरामद हुए हैं।
मामले में काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों से फर्जी तरीके से हथियारों के लाइसेंस बनवाकर उन्हें उत्तराखंड में ट्रांसफर कर वैध दिखाने वाले गिरोह STF के रडार पर हैं। इस मामले से जुड़े अब तक तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और पांच आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
