विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा पर्वतीय क्षेत्र की कुमियाखाल दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में स्वस्थ दुग्ध उत्पादन किट एवं बोनस वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘सशक्त किसान, समृद्ध गांव’ के संदेश के साथ किया गया, जिसमें सैकड़ों दुग्ध उत्पादकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर दुग्ध उत्पादकों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वस्थ दुग्ध उत्पादन किट वितरित की गईं तथा बोनस देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध सहकारिता आंदोलन ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की आर्थिक सशक्तता का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सहकारी समितियों को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर पर्वतीय क्षेत्र की 701वीं भांकर दुग्ध उत्पादक सहकारी महिला समिति का भी शुभारंभ किया गया। मुकेश बोरा ने फीता काटकर नई समिति का उद्घाटन किया। नई समिति के गठन पर क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नई समिति स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को संगठित कर उनकी आय बढ़ाने तथा सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि “सशक्त किसान, समृद्ध गांव और मजबूत सहकारिता ही विकसित भारत की आधारशिला है।”
कार्यक्रम में दुग्ध संघ के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, दुग्ध उत्पादकों एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी अतिथियों, अधिकारियों, दुग्ध उत्पादकों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया।
