स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का सीएचसी रायपुर पर औचक निरीक्षण, डॉक्टर मिले मुस्तैद
Latest राज्य

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का सीएचसी रायपुर पर औचक निरीक्षण, डॉक्टर मिले मुस्तैद

देहरादून, 22 मई 2026। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सभी चिकित्सक उपस्थित मिले। मंत्री ने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था तथा चिकित्सा सेवाओं का गहन निरीक्षण किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले पर्चा काउंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, वार्ड, इमरजेंसी वार्ड और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने शुक्रवार को संचालित ईसीजी ओपीडी का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि डॉक्टरों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने की आवश्यकता न पड़े।

उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि मरीजों को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सीएचसी रायपुर की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अत्याधुनिक संसाधनों और सुव्यवस्थित चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से अस्पताल की कार्यक्षमता में और अधिक सुधार आएगा।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, दवाइयां और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *