फर्जी यूटीईटी प्रमाणपत्र पर नौकरी पाने वाला शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
Latest राज्य शिक्षा

फर्जी यूटीईटी प्रमाणपत्र पर नौकरी पाने वाला शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

रुद्रपुर। उत्तराखंड शिक्षा विभाग ने फर्जी यूटीईटी (उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा) प्रमाणपत्र के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के आरोप में एक सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बाजपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बन्नाखेड़ा में कार्यरत सहायक अध्यापक सुधीर कुमार के खिलाफ की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभागीय जांच में पाया गया कि सुधीर कुमार ने कथित रूप से कूटरचित यूटीईटी प्रथम-2023 प्रमाणपत्र के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की थी। मामले की जांच के दौरान सचिव, उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर से प्राप्त अभिलेखों में संबंधित अनुक्रमांक के अभ्यर्थी को परिषद के रिकॉर्ड में ‘नॉट क्वालीफाइड’ पाया गया।

मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सुधीर कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, विकासखंड बाजपुर से संबद्ध किया गया है। विभागीय जांच अभी भी जारी है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में नियुक्त 210 शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच के दौरान 40 शिक्षकों के डीएलएड (D.El.Ed.) प्रमाणपत्र संदिग्ध एवं फर्जी पाए गए थे। इसी जांच के दौरान दो शिक्षकों के यूटीईटी प्रमाणपत्रों में भी अनियमितताएं सामने आई थीं।

शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एक शिक्षक को पूर्व में सेवा से बर्खास्त भी किया जा चुका है।

जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र के आधार पर नियुक्त शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग नियुक्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रमाणपत्रों की गहन जांच कर रहा है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *