थानो की पुरानी मस्जिद सील होने पर बढ़ा विवाद, मुस्लिम सेवा संगठन का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन
Latest राज्य

थानो की पुरानी मस्जिद सील होने पर बढ़ा विवाद, मुस्लिम सेवा संगठन का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन

देहरादून। देहरादून के थानो क्षेत्र में स्थित एक पुरानी मस्जिद को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा कथित रूप से भवन का स्वीकृत नक्शा उपलब्ध न होने के आधार पर सील किए जाने के बाद मामला गरमा गया है। इस कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम सेवा संगठन ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन से मस्जिद को तत्काल खोलने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि संबंधित मस्जिद के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए सरकार की ओर से धनराशि उपलब्ध कराई गई थी तथा पेयजल विभाग इस कार्य की कार्यदायी संस्था था। संगठन का आरोप है कि यदि निर्माण अथवा सौंदर्यीकरण से जुड़े किसी प्रकार के नक्शे या स्वीकृति की आवश्यकता थी तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित सरकारी विभागों की थी।

मुस्लिम सेवा संगठन का कहना है कि मस्जिद प्रबंधन को इस मामले में दोषी ठहराकर धार्मिक स्थल को सील करना उचित नहीं है। संगठन ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मस्जिद को शीघ्र खोलने की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

फिलहाल, मस्जिद सील किए जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *