देहरादून। पूर्व सैनिक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं सांसद प्रतिनिधि इन्दर रावत ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान युवाओं के रोजगार, मातृशक्ति सशक्तिकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और प्रदेश के समग्र विकास से संबंधित विषयों पर सकारात्मक संवाद हुआ। इन्दर रावत ने क्षेत्र की आवश्यकताओं और जन अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने मोहान स्थित आईएमपीसीएल (IMPCL) फैक्ट्री के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन और जनभावनाओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह विषय क्षेत्र के रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और जनहित से जुड़ा हुआ है, इसलिए सरकार को इस संबंध में गंभीरता से विचार करना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार इस जनहित के विषय को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगी। उन्होंने कहा कि रामनगर और पर्वतीय क्षेत्रों के हितों की रक्षा तथा रोजगार के अवसरों को बनाए रखने के लिए सरकार सकारात्मक प्रयास करेगी।
इन्दर रावत ने प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और इसी भावना के साथ उन्होंने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
