देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेशभर में कहीं-कहीं बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी 7 जून तक प्रदेशभर में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। ऐसे में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
