रामनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामनगर स्थित कल्पतरु वन में कल्पतरु वृक्ष मित्र समिति एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) भोटिया पड़ाव शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नीम, पीपल, बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में कल्पतरु वृक्ष मित्र समिति के संयोजक अतुल मेहरोत्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक दीर्घायु पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने लगाए गए पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने समाज को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्रकृति के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
