January 25, 2026
नैनीडांडा ब्लॉक कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, देवेंद्र सिंह रावत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए
प्रदेश/लोकल न्यूज़

नैनीडांडा ब्लॉक कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, देवेंद्र सिंह रावत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

पौड़ी गढ़वाल। अखिल भारतीय कांग्रेस, उत्तराखंड के नैनीडांडा ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक 7 जनवरी 2026 को धुमाकोट में संपन्न हुई। बैठक का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस, उत्तराखंड इकाई के अंतर्गत किया गया, जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक परिवेक्षक पूनम कैंतुरा ने की।

बैठक में देवेंद्र सिंह रावत को नैनीडांडा ब्लॉक कांग्रेस का नया अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। देवेंद्र सिंह रावत पूर्व में ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके निर्विरोध चयन पर कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं में उत्साह देखा गया।

बैठक का संचालन पृथ्वी पाल सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर परिवेक्षक पूनम कैंतुरा ने कहा कि यह दूसरी बार है जब नैनीडांडा ब्लॉक में निर्विरोध अध्यक्ष का चयन हुआ है, जो संगठन की एकजुटता और मजबूती को दर्शाता है।

वरिष्ठ शिक्षाविद एवं कांग्रेस नेता जंगबहादुर सिंह नेगी ने कहा कि नए अध्यक्ष के चयन के साथ पार्टी को एक नया संकल्प और नई दिशा मिलेगी तथा देवेंद्र सिंह रावत के अनुभव का लाभ संगठन को अवश्य मिलेगा।

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनीष सुन्द्रियाल एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख रश्मि पटवाल ने नए अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी अब नई ऊर्जा और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।

बैठक में पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख सुरेंद्र सिंह, पूर्व जिला महामंत्री राम निवास, शिक्षाविद सोहन सिंह बिष्ट, गब्बर सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह रावत, रूपेंद्र सिंह रावत, महेंद्र सिंह कंडारी, महिपाल सिंह रावत सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *