पौड़ी। विकास भवन सभागार, पौड़ी में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) विषय पर जनपद स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला का उद्देश्य मिशन की नई व्यवस्थाओं और प्रावधानों की जानकारी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कार्मिकों को देना तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।

कार्यशाला के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का तिरुपति जनपद के मुक्कावरिपल्ले गांव से मिशन के राष्ट्रीय शुभारंभ अवसर पर दिया गया संबोधन सजीव प्रसारण के माध्यम से सुनाया गया। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 से पात्र ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी दी जाएगी। निर्धारित समय में रोजगार उपलब्ध नहीं होने पर पात्र परिवारों को बेरोजगारी भत्ते का लाभ भी मिलेगा।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि यह मिशन ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने और गांवों में स्थायी विकास कार्यों को गति देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि टिकाऊ सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, पारदर्शिता और विकसित गांवों का निर्माण भी है।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि मिशन के तहत जल संरक्षण, जल संवर्धन, भूमि विकास, वृक्षारोपण, ग्रामीण संपर्क मार्ग, चारागाह विकास, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण, आजीविका संवर्धन, सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण, आपदा न्यूनीकरण, आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण तथा बाढ़ और भूस्खलन से सुरक्षा संबंधी कार्यों को शामिल किया गया है, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक रोजगार सृजित होगा।
उन्होंने बताया कि योजना में ई-केवाईसी आधारित सत्यापन, जियो-टैगिंग, ऑनलाइन मस्टर रोल, सामाजिक अंकेक्षण, डिजिटल निगरानी प्रणाली और डीबीटी के माध्यम से पारदर्शी भुगतान व्यवस्था को और मजबूत बनाया गया है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को मिशन की प्रमुख विशेषताओं, पात्रता, रोजगार मांग प्रक्रिया, भुगतान व्यवस्था, डिजिटल प्रणाली और सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
