रानीखेत: उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने 5 दिनों से लापता एक युवती को घने जंगल से सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। युवती घायल अवस्था में मिली, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा गया।

SDRF के अनुसार, मजखाली निवासी युवती 1 जुलाई 2026 से लापता थी। मामले की सूचना मिलने के बाद SDRF पोस्ट सरियापानी की टीम उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
सोमवार, 7 जुलाई को अभियान के दौरान टीम ने सुंदरखाल से लगभग 12–13 किलोमीटर दूर घने जंगल में युवती को घायल अवस्था में खोज निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती जंगल में रास्ता भटक गई थी।
रेस्क्यू टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और स्ट्रेचर के माध्यम से दुर्गम जंगल से सुरक्षित रोड हेड तक पहुंचाया। इसके बाद एम्बुलेंस से युवती को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत भेजा गया।
SDRF के इस सफल रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
