चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर मार्ग मंगरोली गांव के समीप पहाड़ी से चट्टान का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिरने से अवरुद्ध हो गया। घटना के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और दोनों ओर वाहन फंस गए। क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनज़र लोगों को प्रभावित हिस्से से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं तथा जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क से मलबा और चट्टान हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मार्ग खुलने तक यात्रियों और स्थानीय लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
लगातार हो रही वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है.
