September 14, 2026
CM धामी से मिले जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित पदाधिकारी, सहकारिता को मजबूत बनाने का आह्वान
Latest देहरादून न्यूज राजनीति

CM धामी से मिले जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित पदाधिकारी, सहकारिता को मजबूत बनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में जिला सहकारी बैंक के चुनाव में विजयी हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने अपनी जीत की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव में मिली जीत जनता और प्रतिनिधियों के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नई जिम्मेदारियों के साथ आता है, इसलिए पारदर्शिता, निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता उत्तराखण्ड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से बैंक की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की अपील की, ताकि विकास और आर्थिक अवसरों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक उत्तरकाशी की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा, उपाध्यक्ष श्री हरिमोहन सिंह चंद, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री सतेंद्र राणा, नवनिर्वाचित निदेशक श्री जगमोहन राणा तथा भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *