देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं के मूल्यों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को उचित दरों पर खाद्य एवं जरूरी सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, मूल्य और स्टॉक की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को नियमित बाजार निरीक्षण, निर्धारित कीमतों की जांच और स्टॉक की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही मांग और आपूर्ति की स्थिति का लगातार आकलन कर समयबद्ध कदम उठाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं के दामों में अनावश्यक वृद्धि का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ता है, इसलिए मूल्य नियंत्रण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और प्रभावी होनी चाहिए। शासन और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी अनियमितता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
