September 11, 2026
श्रीनगर में संस्कृत सप्ताह की भव्य शोभायात्रा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दिखाई हरी झंडी
Latest देहरादून न्यूज

श्रीनगर में संस्कृत सप्ताह की भव्य शोभायात्रा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दिखाई हरी झंडी

श्रीनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान द्वारा संस्कृत सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर श्रीनगर में भव्य संस्कृत शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।

शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सराफा धर्मशाला पहुंची। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने संस्कृत के प्रचार-प्रसार तथा भारतीय संस्कारों के संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि संस्कृत भारत की ज्ञान, दर्शन, साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और राज्य सरकार इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार ने बताया कि संस्कृत सप्ताह का उद्देश्य युवाओं को देववाणी संस्कृत की समृद्ध परंपरा से जोड़ना है। कार्यक्रम में मेयर आरती भंडारी, प्रधानाचार्य जगदीश चंद्र सकलानी, खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत, पार्षद, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *