देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का कार्य शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सहयोग करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी 11,733 BLOs को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाया जाएगा। आगामी 7 जुलाई तक BLOs द्वारा घर-घर जाकर फार्म एकत्रित किए जाएंगे तथा BLO App के माध्यम से उन्हें डिजिटल रूप से अपलोड किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहता है, तो वह “Book a Call with BLO” सुविधा का उपयोग कर सकता है। इसके लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल एप के माध्यम से अपने BLO के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित BLO मतदाता से संपर्क करेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो BLO तीन बार उसके घर का दौरा करेगा। साथ ही घर पर एक स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तिथि और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करेगा, जिससे मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फार्म भर सके।
डॉ. पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से अपील की कि वे गणना फार्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी BLO को उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। दावे-आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ECI-Net एप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। यदि कोई पात्र नागरिक पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहता है, तो वह BLO से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकता है। संबंधित आवेदन पर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के दौरान विचार किया जाएगा।
