देहरादून, 25 अगस्त 2026: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने लोक भवन में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विकसित “मुक्त ज्ञान कोष” का लोकार्पण किया। उन्होंने इसे ज्ञान को समाज की शक्ति और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बताते हुए विश्वविद्यालय की पूरी टीम को बधाई दी।
“मुक्त ज्ञान कोष” एक डिजिटल शैक्षणिक मंच है, जिसे विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों को ई-पुस्तकों, शोध-पत्रों, शोध प्रबंध, डेटा और अन्य अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें विश्वविद्यालय की सामग्री के साथ देश-विदेश के विश्वसनीय मुक्त शैक्षणिक संसाधनों तक पहुंच की सुविधा भी दी गई है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पहल समान शिक्षा अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “पहाड़ में दूरी हो सकती है, लेकिन ज्ञान की पहुंच में दूरी नहीं होनी चाहिए।”

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, कुलसचिव खेमराज भट्ट सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षाविद उपस्थित रहे।
