देहरादून/मसूरी, 10 जून 2026। मसूरी के बार्लोगंज चौकी क्षेत्र स्थित झड़ीपानी रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज ढलान पर अनियंत्रित हुई एक मारुति सिलेरियो कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

पुलिस के अनुसार सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की सूचना कोतवाली मसूरी को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF, फायर सर्विस तथा 108 एम्बुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की संयुक्त टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीम ने अब तक खाई से एक महिला का शव बरामद किया है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS4610) में सवार लोग उत्तरकाशी से लौट रहे थे। झड़ीपानी रोड पर एक दुकान से सामान खरीदने के बाद जैसे ही सभी कार में बैठे, वाहन तेज ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गया। कार सड़क से नीचे एक खाली प्लॉट को पार करते हुए करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर (48 वर्ष) निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद तथा संगीता पत्नी टीटू (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली सवार थे।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी मसूरी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस द्वारा सभी यात्रियों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीमें अन्य सवारों की तलाश एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
