पौड़ी गढ़वाल: जनपद में लम्पी स्किन डिजीज (LSD) की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए शनिवार को मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा की अध्यक्षता में समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारियों की ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय टीमों का मनोबल बढ़ाने के साथ बीमारी की रियल टाइम निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जनपद में बीमारी की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध वैक्सीन एवं टीकाकरण की प्रगति, संक्रमित एवं संदिग्ध पशुओं के उपचार, दवाओं की उपलब्धता और क्षेत्रवार निगरानी की विस्तृत समीक्षा की गई। डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि उपचार के लिए आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी भी स्तर पर कमी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमारी के संभावित प्रसार को रोकने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करें तथा पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, बचाव, उपचार और आवश्यक सावधानियों की जानकारी निरंतर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी बल दिया गया।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने संदिग्ध पशुओं के अधिकाधिक सैंपल लेकर समय पर जांच के लिए भेजने, प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी बनाए रखने तथा संक्रमित एवं संदिग्ध पशुओं का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालकों से सतत संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने तथा संभावित मामलों की सूचना तत्काल विभाग को उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि समयबद्ध कार्रवाई कर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
बैठक में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. नंदन प्रसाद आगरी सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
