पौड़ी में एसआईआर-2026 प्रशिक्षण: बीएलओ और एईआरओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण की दी गई व्यवहारिक ट्रेनिंग
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी में एसआईआर-2026 प्रशिक्षण: बीएलओ और एईआरओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण की दी गई व्यवहारिक ट्रेनिंग

पौड़ी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में पौड़ी तहसील के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ईआरओ एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने नोटिस तामीली, दस्तावेज सत्यापन, बीएलओ ऐप पर ऑनलाइन अपलोड, सुनवाई तथा प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि सुनवाई से कम से कम सात दिन पहले संबंधित मतदाता को नोटिस तामील कराना अनिवार्य होगा, जिसकी फोटो बीएलओ ऐप पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे और सभी अभिलेख व उपस्थिति विवरण समयबद्ध तरीके से ऐप पर अपलोड करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक प्रकरण की बीएलओ आख्या तथ्यपरक, स्पष्ट और साक्ष्यों पर आधारित हो। चूंकि बीएलओ आख्या केवल एक बार अपलोड की जा सकती है, इसलिए तीन सदस्यीय समिति के हस्ताक्षरों और विवरण का सावधानीपूर्वक मिलान करने के बाद ही उसे डिजिटाइज कर अपलोड किया जाए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रत्येक नोटिस से संबंधित दस्तावेज और बीएलओ आख्या का अलग-अलग संकलन किया जाए, ताकि सुनवाई के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो। आवश्यकता पड़ने पर फिजिकल सुनवाई भी कराई जाएगी तथा एआरओ नियमानुसार सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

प्रशिक्षण में मतदाता सूची की विभिन्न विसंगतियों, अलग-अलग आयु वर्ग के मतदाताओं के लिए आवश्यक दस्तावेजों, बीएलओ आख्या तैयार करने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य निष्पादन की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पौड़ी दृष्टि आनंद, कोट अमित बिजल्वाण, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, तहसीलदार राजेंद्र गिरी गोस्वामी, राजपाल लिंगवाल, सुबोध भट्ट, शैलेंद्र रावत, दिनेश नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *