रुद्रप्रयाग। विद्यार्थियों में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा संचालित ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को जनसामान्य का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। इस अभिनव पहल के तहत लोग स्वेच्छा से पुस्तकें दान कर रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य पुस्तक दान के माध्यम से समाज में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और जरूरतमंद विद्यार्थियों तक उपयोगी पुस्तकों की पहुंच सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत विभिन्न वर्गों के लोग अपनी पुरानी एवं नई पुस्तकें दान कर रहे हैं, जिससे ज्ञान साझा करने की एक सकारात्मक पहल आकार ले रही है।
प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में भागीदारी करने की अपील की है, ताकि पुस्तकों के माध्यम से शिक्षा का दायरा बढ़ाया जा सके और विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकें।
जिला प्रशासन का मानना है कि समाज की सहभागिता से यह अभियान न केवल पुस्तक संग्रह तक सीमित रहेगा, बल्कि विद्यार्थियों में अध्ययन की संस्कृति विकसित करने और ज्ञान के प्रसार का प्रभावी माध्यम भी बनेगा।
