विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, देहरादून जू में हुआ पौधरोपण
Latest टेक्नोलॉजी राज्य

विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, देहरादून जू में हुआ पौधरोपण

देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देहरादून जू में शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने पौधरोपण कर किया।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज विश्व के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। इसके समाधान के लिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति जागरूक समाज ही एक सुरक्षित और समृद्ध भविष्य का निर्माण कर सकता है।

वन मंत्री ने बताया कि इस मानसून ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित वन एवं पर्यावरण विभाग के सचिव सी. रविशंकर ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “Inspired by Nature. For Climate. For Our Future” प्रकृति से प्रेरणा लेकर जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश देती है।

 

प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) रंजन कुमार मिश्रा ने कहा कि वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। वन और वन्यजीवों का संरक्षण केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के भविष्य को सुरक्षित बनाने का भी माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान ‘Adopt an Animal’ पहल के तहत ‘कस्तूरी संस्था’ को वन्यजीव संरक्षण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं ‘पुनः अरण्य संस्था’ को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और युवाओं ने भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वन विभाग, पर्यावरण विभाग तथा विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी, पर्यावरणविद्, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में देहरादून जू के निदेशक एवं प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *