विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर मंत्री रेखा आर्या ने किशोरियों को बांटी स्वच्छता किट
Latest राज्य

विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर मंत्री रेखा आर्या ने किशोरियों को बांटी स्वच्छता किट

देहरादून, 28 मई। विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने किशोरियों एवं महिलाओं के लिए आयोजित जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता किट वितरित की गई।

सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भारतीय परंपरा में मासिक धर्म को प्राकृतिक वैज्ञानिक प्रक्रिया और नारी की सृजन क्षमता का आधार माना गया है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं को ईश्वर का वह पवित्र आशीर्वाद है जो उन्हें सृष्टि की सृजनकर्ता बनाता है।

उन्होंने कहा कि समाज में इस विषय को लेकर अनेक भ्रांतियां फैली हुई हैं और इन्हें दूर करना बेहद आवश्यक है। मंत्री ने किशोरियों और महिलाओं को स्वास्थ्यवर्धक खान-पान अपनाने तथा मासिक धर्म के दौरान स्वच्छ एवं सुरक्षित उपायों का प्रयोग करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता किट वितरित की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर के जनऔषधि केंद्रों पर मात्र ₹1 में सुरक्षित सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की “मेरी सहेली” नैपकिन वेंडिंग मशीन योजना और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की लाखों महिलाओं तक सुरक्षित स्वच्छता सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

इस अवसर पर महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका ने प्रतिभागियों को मासिक धर्म और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह और मोहित चौधरी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *