अल्मोड़ा, 5 जून 2026। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांग्रेस नेता की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाड़ेछीना-धौलादेवी मोटर मार्ग पर कांचुली पुल के पास उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार अल्मोड़ा से नाचनी (पिथौरागढ़) की ओर जा रही थी। वाहन में सवार लोग कांग्रेस की एक जनसभा से लौट रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे कांचुली पुल के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया।
हादसे में कांग्रेस नेता कुन्दन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार गणेश कुमार और भूपेन्द्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुन्दन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
