September 11, 2026
पौड़ी में 10 सितंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती, तैयारियों की समीक्षा
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी में 10 सितंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती, तैयारियों की समीक्षा

पौड़ी गढ़वाल: भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती 10 सितंबर को जनपद में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई जाएगी। जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर तथा जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को जनपद के सभी विद्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को मुख्य समारोह में सम्मानित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज में नुक्कड़ नाटक, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को उनके आदर्शों से परिचित कराया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने संस्कृति विभाग को कलेक्ट्रेट परिसर एवं घुड़दौड़ी स्थित प्रतिमा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा नगर पालिका को प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, संस्कृति विभाग की प्रबंधक सरिता सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज की प्रीति डिमरी, शिक्षा विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जुयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *